निवाड़ी जिले में अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति निर्माण पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर जमुना भिड़े ने दिए जांच के निर्देश
रेरा नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई, बिना नक्शा पास कराए बने होटल और बहुमंजिला इमारतें होंगी चिन्हित

📰 निवाड़ी | विशेष रिपोर्ट
निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े के निर्देशन में जिले में अवैध कॉलोनी निर्माण और बिना वैध अनुमति के किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण कार्यों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है।

कलेक्टर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदारों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अवैध कॉलोनाइजरों तथा नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण कार्यों की सघन जांच सुनिश्चित करें और दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई करें।
प्रशासन के संज्ञान में आया है कि जिले के विभिन्न नगरीय निकायों एवं उनसे लगे ग्राम पंचायत क्षेत्रों में बिना रेरा पंजीकरण के अवैध कॉलोनियों का निर्माण कर प्लॉटिंग की जा रही है, जो कि खरीदारों के हितों के विरुद्ध है तथा पूर्णतः अवैध है। ऐसे मामलों में कॉलोनाइजरों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए लगातार निर्माण कार्य जारी रखा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त स्थानीय निकायों जैसे नगर पालिका एवं नगर परिषद से बिना नक्शा स्वीकृत कराए बहुमंजिला इमारतों एवं होटलों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा ऐसे सभी निर्माण कार्यों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शासन के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों एवं निर्माण कार्यों की भौतिक जांच कर आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराएं तथा अन्य दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भूखंड अथवा भवन की खरीदी से पूर्व रेरा पंजीकरण एवं स्थानीय निकायों से प्राप्त वैध अनुमति संबंधी दस्तावेजों की भली-भांति जांच अवश्य करें, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी जटिलता से बचा जा सके।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जिले में व्यवस्थित एवं नियोजित विकास को बढ़ावा देना तथा आमजन को भू-माफियाओं के चंगुल से सुरक्षित रखना है। आगामी दिनों में राजस्व विभाग एवं नगरीय निकायों की संयुक्त टीमों द्वारा निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा




