रबी विपणन वर्ष 2026-27: समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए किसान पंजीयन जारी
जिले में 22 पंजीयन केंद्र स्थापित; गेहूं 7 मार्च, चना 16 मार्च और सरसों 20 मार्च तक पंजीयन अनिवार्य

निवाड़ी। निवाड़ी रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन प्रक्रिया जारी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार किसान पंजीयन की अवधि 07 फरवरी 2026 से 07 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सरिता अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक गेहूं के 485, चना के 9 तथा सरसों के कोई पंजीयन दर्ज नहीं हुए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर पंजीयन केंद्रों पर जाकर अधिक से अधिक संख्या में गेहूं, चना एवं सरसों का पंजीयन कराएं।
अधिकारियों के अनुसार निर्धारित तिथि के बाद पंजीयन संभव नहीं होगा। गेहूं के लिए अंतिम तिथि 7 मार्च, चना के लिए 16 मार्च तथा सरसों के लिए 20 मार्च तय की गई है।
किसानों की सुविधा के लिए जिले में कुल 22 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां जाकर किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन करा सकते हैं। विभाग ने सभी किसानों से समयसीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।




