बालिकाओं के समग्र विकास हेतु सरकार प्रतिबद्ध : विधायक अनिल जैन
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनपद पंचायत सभागार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय सम्मान

निवाड़ी। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनपद पंचायत सभागार, निवाड़ी में जिला स्तरीय बालिका सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक निवाड़ी अनिल जैन ने कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री जैन द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री जैन एवं कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने बालिकाओं का तिलक, चुनरी एवं पुष्पमाला पहनाकर पूजन कर सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री अनिल जैन ने कहा कि “बेटियां प्रदेश की शान हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आज से ही जिम्मेदारी निभानी होगी।” उन्होंने बालिका शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा बेटी-बेटे को समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।

विधायक श्री जैन ने कहा कि बालिका भ्रूण हत्या जैसे अमानवीय अपराधों को रोकने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की सफलता के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर बालिका एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती ज्योति पांडे, सीडीपीओ, बालिकाएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




