लंबित राजस्व प्रकरणों का अतिशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें : कमिश्नर अनिल सुचारी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सागर संभाग के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

सागर। कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग अंतर्गत तहसीलों के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला मुख्यालय से कलेक्टर एवं संबंधित राजस्व अधिकारी शामिल हुए।

कमिश्नर श्री सुचारी ने संभाग की बॉटम-5 तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सीमांकन, बंटवारा, स्वामित्व, नामांतरण सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से उन्होंने जवाब तलब किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का अतिशीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कमिश्नर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समय पर निपटारा आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ा विषय है, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना एवं अन्य राजस्व अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।

इस अवसर पर एसडीएम निवाड़ी सुश्री मनीषा जैन, एसडीएम पृथ्वीपुर अशोक कुमार सेन सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।




