निवाड़ी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा, शुद्ध मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कल
रोल प्रेक्षक सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक, कलेक्टर जमुना भिड़े सहित मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

🟩 लोकेशन/डेटलाइन:
निवाड़ी | 20 फरवरी 2026
📰 मुख्य समाचार:
निवाड़ी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निवाड़ी जिले के लिए नियुक्त रोल प्रेक्षक श्री सत्येंद्र सिंह (वि.क.अ.) की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री विनीता जैन सहित निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान रोल प्रेक्षक सत्येंद्र सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

बैठक में जिले में किए गए पुनरीक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से आवश्यक सुझाव भी आमंत्रित किए गए।

रोल प्रेक्षक सत्येंद्र सिंह ने शनिवार को प्रकाशित होने वाली शुद्ध मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री विनीता जैन, सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं समस्त बीएलओ को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




