सभी अधिकारी निष्ठा और जिम्मेदारी से बोर्ड परीक्षाएं संपन्न कराएं : सीईओ श्री सक्सेना
हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से, हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से होगी प्रारंभ

निवाड़ी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोहन सक्सेना की अध्यक्षता में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं, समन्वय और आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी डीडी दुबे ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी 2026 से तथा हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 20 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।

सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना ने परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां लेते हुए परीक्षा कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान समन्वय का दायित्व डिप्टी कलेक्टर सुश्री स्वाति सिंह के पास रहेगा तथा सभी संबंधित अधिकारी उनके साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

सीईओ श्री सक्सेना ने बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल का गहनता से अवलोकन किया और निर्धारित तिथियों पर विषयवार परीक्षाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर फर्नीचर, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ बोर्ड परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुश्री स्वाति सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डीडी दुबे, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस अरविंद रघुवंशी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




