कोई भी बच्चा छूटे नहीं” — कक्षा 1 में प्रवेश 1 मार्च 2026 से, शत-प्रतिशत नामांकन के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक; छात्रों के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र प्राथमिकता से बनाने के निर्देश

निवाड़ी। निवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता एवं सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना की उपस्थिति में डीपीएमयू की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीपीसी फूलसिंह दिनकर ने शैक्षणिक कार्यों की प्रगति, प्रवेशोत्सव की तैयारियों और आगामी सत्र से संबंधित प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी।
नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 का प्रारम्भ 01 अप्रैल 2026 से होगा। इसके तहत सत्र 2025-26 में कक्षा 1 से 7वीं तक अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को क्रमशः कक्षा 2 से 8वीं तक तथा कक्षा 8 से 11वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12वीं तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही कक्षा 2 से 12 तक नामांकित विद्यार्थियों का डाटा एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर 31 मार्च 2026 तक अद्यतन किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने निर्देश आंगनवाड़ी से निकलकर आने वाले सभी बच्चों का कक्षा 1 में प्रवेश अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं—स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, सुचारू शौचालय, फर्नीचर और रंग-रोगन—शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए तथा शौचालयों के क्रियाशील होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा।
सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना ने संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सूची तैयार कर आवेदन प्राप्त किए जाएं और प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूर्ण की जाए।
बैठक में जिला प्रबंधक लोकसेवा प्रबंधन नितेश जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




