15 मार्च से शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए हेलमेट अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी चालानी कार्रवाई
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश, दोपहिया पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट जरूरी

बैतूल। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 15 मार्च से जिले के सभी शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा,
जबकि चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जुर्माने सहित चालानी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा बैठक में दिए निर्देश
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में कलेक्टर सूर्यवंशी ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों से हेलमेट के उपयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराएं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने परिवार और आम नागरिकों को भी हेलमेट पहनने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
अतिक्रमण हटाने और खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले के मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले संबंधित क्षेत्रों में घोषणा कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए खतरनाक मोड़ों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश संबंधित सड़क विभाग को दिए गए।
बड़ोरा मंडी क्षेत्र की ट्रैफिक समस्या का होगा समाधान
कलेक्टर सूर्यवंशी ने बड़ोरा मंडी क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस, नगरपालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर समाधान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री प्रीति पटेल, यातायात प्रभारी गजेन्द्र केन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




