रायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा और विवादित बयान: पीएम मोदी और अमित शाह को सरेआम कहा ‘गद्दार’
'BJP-RSS ने देश को बेचने का काम किया'— लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

मुख्य समाचार (भोपाल/रायबरेली):
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा और बेहद तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया है।
राहुल गांधी ने जनसभा में मौजूद जनता से अपील करते हुए कहा, “आपका प्रधानमंत्री, आपका गृह मंत्री गद्दार है।” उन्होंने आगे कहा कि जब भी बीजेपी और आरएसएस के लोग सामने आएं, तो उनसे खुलकर कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं, क्योंकि इन्होंने मिलकर देश को बेचने का काम किया है।
संविधान और महापुरुषों के अपमान का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने अपने भाषण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. बी.आर. आंबेडकर और स्थानीय महापुरुषों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस ने न सिर्फ संविधान पर हमला किया है, बल्कि इन महापुरुषों की विचारधारा को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने दावा किया कि देश में जल्द ही एक बड़ा ‘आर्थिक तूफान’ आने वाला है, जिससे वर्तमान सरकार जनता को नहीं बचा पाएगी।
महंगाई और उद्योगपतियों को लेकर घेरा
पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने उद्योगपतियों के साथ सरकार की सांठगांठ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले तो कहा गया था कि दाम नहीं बढ़ेंगे, लेकिन आज जब दाम आसमान छू रहे हैं, तब बड़े उद्योगपति देश के बाहर तेल बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। पीएम मोदी की ‘विदेश न जाने और सोना न खरीदने’ की अपील पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री हजारों करोड़ के विमान में विदेश घूमते हैं और जनता को नसीहत देते हैं।
राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप
कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस बयान का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा किया है, जिसके बाद से देश और मध्य प्रदेश की सियासत में भी भूचाल आ गया है। इस बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज होने की पूरी संभावना है।




