अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी मामला: सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- ‘बेटी का सम्मान सर्वोपरि, तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश’
अखिलेश यादव को दी नसीहत, बोले- 'दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने चेले-चपाटों को संस्कारित करें'

लखनऊ उत्तर प्रदेश :
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों का मामला अब तूल पकड़ गया है। इस पूरे विवाद पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बेटी का सम्मान है जरूरी: सीएम योगी
आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि बेटियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, “बेटी तो बेटी होती है, उसका सम्मान होना चाहिए। जैसे ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।” सीएम ने इस बात पर जोर दिया कि हम उस संस्कृति से आते हैं जहाँ ‘गाँव की बेटी, सबकी बेटी’ मानी जाती है।
अखिलेश यादव को दी नसीहत
इस दौरान सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी, आप दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दें कि वे अपनी भाषा पर संयम रखें।” सीएम ने अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें यह देखना चाहिए कि उनके समर्थक और पार्टी के लोग दूसरों की बेटियों, बहनों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति कैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें अपने लोगों को संस्कारित करने की आवश्यकता है।
पुलिस की कार्रवाई
गौरतलब है कि इस मामले में कानपुर के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करते हुए मामले की जांच तेज कर दी है। अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक और अभद्र पोस्ट किए जाने के बाद से सपा कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया था।




