ओरछा में बड़ा हादसा: बेतवा नदी के तेज बहाव में बहा पृथ्वीपुर का युवक, तलाश जारी
धार्मिक नगरी में पसरा सन्नाटा: भाई के साथ स्नान करने गए विवेक सोनी (किट्टू) लापता, गोताखोरों की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

निवाड़ी/ओरछा। धार्मिक और पर्यटन नगरी ओरछा में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब बेतवा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया और लापता हो गया। लापता युवक की पहचान पृथ्वीपुर निवासी श्री दीपक सोनी जी (बिल्लू) के छोटे भाई विवेक सोनी “किट्टू” के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया है।
स्नान के दौरान पैर फिसलने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पृथ्वीपुर निवासी विवेक सोनी (किट्टू) अपने भाई और परिजनों के साथ ओरछा आए हुए थे। बेतवा नदी के घाट पर स्नान करते समय अचानक पानी का बहाव तेज होने के कारण विवेक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की रफ्तार तेज होने की वजह से वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।
प्रशासन अलर्ट, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। लापता विवेक सोनी की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को काम पर लगाया गया है। नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन गोताखोर लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्चिंग कर रहे हैं।
मौके पर उमड़ी भीड़: हादसे की खबर लगते ही ओरछा घाट पर स्थानीय लोगों और पृथ्वीपुर से आए परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई है। हर कोई विवेक की सुरक्षित कुशलता की प्रार्थना कर रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर घाट पर लोगों की आवाजाही को फिलहाल नियंत्रित कर दिया है।




