निवाड़ी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: पुरानी मंडी बस स्टैंड से हटा अवैध अतिक्रमण, चला बुलडोजर
कलेक्टर जमुना भिड़े के सख्त निर्देश पर भारी पुलिस बल के साथ उतरी टीम; जाम से परेशान यात्रियों और आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

टुडे इंडिया न्यूज़ एमपी (Today India News MP)
निवाड़ी। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को लग रहे जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। निवाड़ी तिगैला स्थित पुरानी मंडी परिसर के अस्थायी बस स्टैंड पर लंबे समय से काबिज अवैध अतिक्रमण को प्रशासनिक टीम ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया है।
कलेक्टर के निर्देशन में मुस्तैद रहा अमला
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के सख्त निर्देशों के बाद संचालित की गई। बस स्टैंड पर लगातार लग रहे जाम और स्थानीय लोगों की शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने यह कड़ा रुख अपनाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा।
अधिकारियों की मौजूदगी में गरजा बुलडोजर
अतिक्रमण विरोधी इस अभियान को धरातल पर उतारने के लिए मुख्य प्रशासनिक अधिकारी खुद मैदान में नजर आए। तहसीलदार सुनील वाल्मीकि और नगर परिषद उपयंत्री कपिल मोर की देखरेख में नगर परिषद के अमले ने जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से अस्थायी दुकानों, कतरनों और अवैध रूप से किए गए कच्चे-पक्के निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
जाम से मिलेगी मुक्ति, दोबारा कब्जा करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
पुरानी मंडी परिसर के इस अस्थायी बस स्टैंड पर अवैध कब्जे के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था और बस चालकों व यात्रियों को भारी परेशानी होती थी। इस कार्रवाई के बाद अब बस स्टैंड परिसर पूरी तरह साफ हो गया है, जिससे वाहनों के आवागमन और यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि दोबारा किसी ने यहाँ अतिक्रमण करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




