कल्प से समाधान’ प्रशासन की प्रतिबद्धता, हर विकासखंड को अग्रणी बनाना लक्ष्य : कलेक्टर जमुना भिड़े
समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, संकल्प से समाधान और संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की गहन समीक्षा

निवाड़ी।
“हमारा उद्देश्य निवाड़ी जिले के प्रत्येक विकासखंड को विकास के मानकों पर अग्रणी बनाना है। ‘संकल्प से समाधान’ अभियान मात्र एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को जड़ से खत्म करने की एक प्रशासनिक प्रतिबद्धता है।”
यह बात कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक के दौरान कही।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों, संकल्प से समाधान अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर सख्ती
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागीय एवं अधिकारीवार समीक्षा की। 500 दिवस से अधिक लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने जनसुनवाई आवेदनों एवं टीएल मार्क प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया तथा उच्च न्यायालय में लंबित मामलों में समय-सीमा के भीतर जवाब, दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
‘संकल्प से समाधान’ अभियान : 12 जनवरी से 31 मार्च 2026
कलेक्टर ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी हितग्राही मूलक योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने निष्पक्ष जांच के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
संपूर्णता अभियान 2.0 से आकांक्षी विकासखंड को नई गति। नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 (28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026) के अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं कृषि से जुड़े 6 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को 100 प्रतिशत संतृप्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के 4, शिक्षा विभाग का 1 तथा पशुपालन विभाग का 1 संकेतक शामिल है।
कलेक्टर ने आकांक्षी विकासखंड पृथ्वीपुर में अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने एवं छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं
किसान क्रेडिट कार्ड योजना से अधिक किसानों को जोड़ा जाए
18 वर्ष पूर्ण छात्रों के लर्निंग लाइसेंस बनाए जाएं
जिले के छात्रावासों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए
नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्धता एवं जल गुणवत्ता की सतत जांच हो
नालियों की सफाई एवं मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं

बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, एसडीएम अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




