राम जन्मभूमि मंदिर में 19 मार्च को ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना, राष्ट्रपति की मौजूदगी में होगा ऐतिहासिक अनुष्ठान
देशभर से आएंगे 51 वैदिक विद्वान, 300 संत-महात्मा होंगे शामिल; माता अमृतानंदमयी अपने 1200 अनुयायियों के साथ पहुंचेंगी अयोध्या, कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर

अयोध्या, उत्तरप्रदेश, नईदिल्ली। अयोध्या स्थित भव्य राम जन्मभूमि मंदिर में 19 मार्च को एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। मंदिर के तीसरे तल पर स्थित गर्भगृह में ‘श्री राम यंत्र’ की विधिवत स्थापना की जाएगी। यह अनुष्ठान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में संपन्न होगा।
इस आयोजन से पहले नौ दिवसीय वैदिक अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं। अनुष्ठान की शुरुआत लक्ष्मण किला से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, ‘श्री राम यंत्र’ पिछले दो वर्षों से मंदिर परिसर में सुरक्षित रखा गया था और इसकी प्रतिदिन पूजा की जा रही थी।
अनुष्ठान को संपन्न कराने के लिए देशभर से 51 वैदिक विद्वानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
इस धार्मिक आयोजन में लगभग 300 संत-महात्मा भाग लेंगे। प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी भी अपने 1200 अनुयायियों के साथ इसमें शामिल होंगी।
इसके अलावा मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले 1800 श्रमिकों, 300 एजेंसियों और 3500 कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की है।
इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा, ताकि देशभर के श्रद्धालु घर बैठे इसका दर्शन कर सकें।




