प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का कड़ा रुख: जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को मौके पर ही निलंबित करने के निर्देश
निवाड़ी में औचक निरीक्षण के दौरान मिलीं गंभीर अनियमितताएं; मंत्री ने कहा- जनता को गुमराह करने वाले अधिकारी संभल जाएं

निवाड़ी | मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री तथा निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने आज जिले के प्रवास के दौरान शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त संदेश दिया है। नहर निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता और गुमराह करने वाली जानकारी देने पर मंत्री ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) हेमंत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उठी थी लापरवाही की गूंज
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जल संसाधन विभाग के कार्यों में चल रही ढिलाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जब मंत्री ने संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा, तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके तुरंत बाद मंत्री ने बैठक समाप्त की और सीधे जमीनी हकीकत जानने के लिए फील्ड पर निकल पड़े।
नहर पर खुला झूठ, मौके पर ही हुई कार्रवाई
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद पंचायत पृथ्वीपुर की ग्राम पंचायत लुहरगुवां स्थित नहर का निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर:
- दावे के अनुसार कार्य नहीं पाया गया।
- अधिकारियों द्वारा विभाग को और जनता को गुमराह करने की बात सामने आई।
- गंभीर वित्तीय और कार्य संबंधी अनियमितताएं देखी गईं।
स्थिति को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने मौके पर ही कार्यपालन यंत्री हेमंत गुप्ता को निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, “अधिकारी अपने कार्यों में सुधार करें और आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
कलेक्टर ने संभागायुक्त को भेजा पत्र
मंत्री के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कार्यपालन यंत्री के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त सागर को तत्काल पत्र प्रेषित कर दिया है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
इस औचक निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान निवाड़ी विधायक अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव, नपा अध्यक्ष श्री गुलाब अहिरवार सहित पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Today India News MP – निष्पक्ष खबर, सीधी नजर।



