मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: निवाड़ी, पृथ्वीपुर और ओरछा से श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या-काशी की यात्रा पर रवाना
प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच वरिष्ठ नागरिकों ने किया प्रस्थान; निवाड़ी विधायक अनिल जैन जनपद अध्यक्ष श्रीमती निरंजना अनिल जैन एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पमाला पहनाकर दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं

निवाड़ी/पृथ्वीपुर/ओरछा:
मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के अंतर्गत आज 04 जून 2026 को निवाड़ी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठ नागरिकों का जत्था अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ (वाराणसी) की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को भावभीनी विदाई दी।
निवाड़ी: विधायक अनिल जैन एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती निरंजना अनिल जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
निवाड़ी जनपद पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन और जनपद अध्यक्ष श्रीमती निरंजना अनिल जैन ने श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। विधायक श्री जैन ने विशेष तीर्थ बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के धार्मिक आस्था के सपनों को साकार कर रही है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन एवं सुश्री स्वाति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पृथ्वीपुर: एसडीएम ने दी शुभकामनाएं
पृथ्वीपुर से भी श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या और काशी दर्शन के लिए रवाना हुआ। एसडीएम पृथ्वीपुर सुश्री मनीषा जैन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए भोजन, आवास और चिकित्सा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है।
ओरछा: धार्मिक नगरी से 12 श्रद्धालुओं ने भरी आस्था की उड़ान
सांस्कृतिक नगरी ओरछा से 12 हितग्राहियों का दल प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, सीएमओ रामस्वरूप पटेरिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का स्वागत कर उन्हें ससम्मान विदा किया। यात्रियों ने शासन की इस निःशुल्क यात्रा सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।
तीर्थयात्रियों के लिए पुख्ता इंतजाम
शासन और जिला प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित भोजन, रुकने के लिए आवास और स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
इस गौरवमयी पहल से निवाड़ी जिले के वरिष्ठ नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। सभी ने एक स्वर में इस यात्रा को अपने जीवन की यादगार अनुभव बताया है।
टुडे इंडिया न्यूज एमपी के लिए विशेष रिपोर्ट




