सूर्य से समूची सृष्टि में ऊर्जा का संचार होता है, योग जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाता है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
राष्ट्रीय युवा दिवस पर निवाड़ी में भव्य सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अनिल जैन व कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित एवम दीप प्रज्वलित कर किया।

निवाड़ी | स्वामी विवेकानंद जयंती “राष्ट्रीय युवा दिवस” के अवसर पर जिला प्रशासन निवाड़ी के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 के सामने स्थित खेल ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकार प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री अनिल जैन ने कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।
![]()
मुख्यमंत्री का संदेश
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सूर्य से समूची सृष्टि में ऊर्जा का संचार होता है और योग व सूर्य नमस्कार जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाने का मार्ग है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, पेड़ लगाने, पानी बचाने, नशे से दूर रहने, प्रतिदिन व्यायाम, खेलकूद, संतुलित आहार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी उपस्थितजनों ने देखा व सुना।

तीन चरणों में कराया गया सूर्य नमस्कार
सामूहिक सूर्य नमस्कार को 01 से 12 तक गिनती संचालन के साथ तीन चरणों में संपन्न कराया गया, जिसमें क्रमशः
प्रार्थना मुद्रा, हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन सहित सभी 12 मुद्राओं का अभ्यास कराया गया।
योग एवं प्राणायाम का संचालन मास्टर ट्रेनर्स मोतीलाल कुशवाहा, रामावतार तिवारी, मुकेश दुबे, नरेन्द्र कुशवाहा, आशीष कुमार गुप्ता एवं ऋषिकांत रावत द्वारा किया गया।

सांस्कृतिक गरिमा के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत, वंदेमातरम् एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया। स्वामी विवेकानंद जी के 1893 के शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए ऐतिहासिक संदेशों का स्मरण करते हुए उनकी प्रेरक वाणी का प्रसारण भी सुना गया।

उपस्थित गणमान्यजन
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर परिषद निवाड़ी गुलाब अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम निवाड़ी सुश्री मनीषा जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री स्वाति सिंह, एसडीओपी के.के. पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेश श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




