कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से बंद, बढ़ती भीड़ और खराब मौसम बना कारण
लगातार बारिश और भीड़ के दबाव को देखते हुए श्राइन बोर्ड का बड़ा फैसला, श्रद्धालुओं से धैर्य रखने की अपील

माता वैष्णो देवी ,जम्मूकश्मीर।
जम्मू-कश्मीर के श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह निर्णय श्राइन बोर्ड द्वारा श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
कटड़ा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव आया है। खराब मौसम के कारण यात्रा मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है और सुरक्षा को लेकर चिंता भी गहरा गई है। वहीं, भवन क्षेत्र में तापमान गिरने से ठंड में भी इजाफा हुआ है।
श्राइन बोर्ड ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हालात सामान्य होने तक यात्रा को रोका गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
बताया जा रहा है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा और भीड़ नियंत्रित होगी, यात्रा को दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल कटड़ा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुके हुए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।




