”कागजों में रैंकिंग, जमीन पर हकीकत कुछ और…” सागर प्रशिक्षण शिविर में निवाड़ी नगर परिषद उपाध्यक्ष ने स्वच्छता सर्वेक्षण टीमों पर उठाए गंभीर सवाल ।
पंडित सत्यदेव तिवारी बोले— वीआईपी खातिरदारी और सुविधाओं के बदले मिलते हैं नंबर, असली खामियाजा जनता के बीच जनप्रतिनिधियों को भुगतना पड़ता है; जेडी महोदय से की शिकायत

टुडे इंडिया न्यूज़ एमपी (Today India News MP) हर खबर सत्य निष्ठा और सच के साथ
शहर समाचार (सागर/निवाड़ी)
सागर/निवाड़ी। मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित नगर पालिका व नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर में निवाड़ी नगर परिषद के उपाध्यक्ष पंडित सत्यदेव तिवारी ने एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण और जांच टीमों की जमीनी कार्यप्रणाली व निष्पक्षता पर सीधे सवाल खड़े करते हुए पूरी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया।
शिविर में जेडी (संयुक्त संचालक) महोदय के समक्ष अपनी बात बेबाकी से रखते हुए उपाध्यक्ष पंडित सत्यदेव तिवारी ने कहा कि जब भी स्वच्छता सर्वेक्षण या किसी अन्य जांच के लिए शासकीय टीमें क्षेत्र में आती हैं, तो उन्हें स्थानीय स्तर पर वीआईपी (VIP) व्यवस्थाएं, उत्तम भोजन और शानदार ठहरने की सुविधाएं दे दी जाती हैं। इस खातिरदारी के बदले में ये टीमें कागजों पर अच्छी रैंकिंग और भारी-भरकम नंबर देकर चली जाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रशासनिक सांठगांठ के कारण कागजों पर तो काम बेहद शानदार और दुरुस्त दिखाई देता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत होती है। इस कागजी खेल का असली खामियाजा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भुगतना पड़ता है, क्योंकि उन्हें सीधे जनता के बीच जाना होता है और वहां लोग स्वच्छता व अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर सवाल पूछते हैं।
विधायक के ‘स्वच्छ निवाड़ी’ के सपने को साकार करने का लिया संकल्प
पंडित सत्यदेव तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित जेडी महोदय के सामने निवाड़ी क्षेत्र में स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से रखा और उनसे इन समस्याओं के स्थायी निदान के उपाय भी जाने। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक का मुख्य विचार और सपना है कि हमारा नगर पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बने। विधायक महोदय के इसी विजन को धरातल पर साकार करने के लिए उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता की खामियों को दूर करने और निवाड़ी को एक आदर्श व स्वच्छ नगर परिषद बनाने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।




