संकल्प से समाधान अभियान के तहत घर-घर जाकर होंगे आवेदन, 106 योजनाओं का मिलेगा लाभ
लंबित जनसुनवाई व सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

निवाड़ी। “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत शासन की हितग्राहीमूलक 106 योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए गठित दल घर-घर जाकर आवेदन एकत्रित करेंगे। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिसंबर 2025 तक के सभी लंबित जनसुनवाई आवेदनों का शीघ्र निराकरण किया जाए और कोई भी आवेदन लंबित न रखा जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अधिकारी मैदानी भ्रमण कर शिकायतकर्ता से सीधे मिलें और मौके पर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

टीएल बैठक में जिला अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टीएल बैठक में संबंधित जिला अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें, उनके स्थान पर किसी अन्य की उपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही माननीय जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद एवं विधायक से संबंधित शिकायतों के पालन प्रतिवेदन शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।

छात्रावासों की व्यवस्थाएं सुधारने पर जोर
कलेक्टर श्रीमती भिडे ने जिले के सभी शासकीय छात्रावासों का प्रतिमाह निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को छात्रों से संवाद, उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण, तथा प्रेरणा एवं मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए गए। डीएमएफ फंड से अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों में निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के प्रस्तावों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उद्घाटन-शिलान्यास में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य

कलेक्टर ने सभी उद्घाटन, शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा शासकीय प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“संकल्प से समाधान अभियान” : 12 जनवरी से 31 मार्च 2026

सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना ने बताया कि सुशासन एवं स्वराज के लक्ष्य को साकार करने हेतु यह विशेष अभियान चार चरणों में संचालित किया जाएगा—
🔹 प्रथम चरण (12 जनवरी – 15 फरवरी 2026)
घर-घर भ्रमण एवं शिविरों के माध्यम से आवेदन/शिकायतें एकत्रित, नोडल अधिकारी द्वारा पोर्टल पर एंट्री।
🔹 द्वितीय चरण (16 फरवरी – 15 मार्च 2026)
क्लस्टर स्तर पर शिविर, प्राप्त आवेदनों का निराकरण।
🔹 तृतीय चरण (16 मार्च – 25 मार्च 2026)
ब्लॉक/नगर स्तर पर शिविर, शेष एवं नवीन आवेदनों का समाधान।
🔹 चतुर्थ चरण (26 मार्च – 31 मार्च 2026)
जिला स्तर पर शिविर, सभी शेष आवेदनों का अंतिम निराकरण।

नागरिक cmhelpline.mp.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी आवेदन कर सकेंगे और शिविर रोस्टर के अनुसार पंजीयन कर पाएंगे।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
सीईओ जिला पंचायत ने निर्देश दिए कि अभियान का नगरीय एवं पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए मुनादी, प्रचार वाहन एवं अन्य माध्यमों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही लाभान्वित हो सकें।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
![]()
बैठक में एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




