मेरा युवा भारत’ निवाड़ी द्वारा भारत सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं पर कार्यशाला का आयोजन
युवाओं को सशक्त बनाने और योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प

निवाड़ी। Today India News mp
‘निवाड़ी मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) योजना (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे के निर्देशन एवं जिला युवा अधिकारी श्री कपिल सैन के मार्गदर्शन में आज पीजी कॉलेज, निवाड़ी में भारत सरकार की प्रमुख फ्लेगशिप योजनाओं पर एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समग्र जानकारी देना, उन्हें इन योजनाओं से जोड़ना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने के लिए युवाओं को जागरूक दूत के रूप में तैयार करना रहा।
कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा आयुष्मान भारत योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) एवं लखपति दीदी योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही युवाओं को ‘MY Bharat’ पोर्टल एवं विभिन्न सरकारी मोबाइल ऐप्स के तकनीकी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे स्वयं लाभ उठा सकें और अन्य पात्र नागरिकों को भी योजनाओं से जोड़ सकें।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ वक्ता के रूप में डॉ. पुष्पेंद्र कटियार (सहायक प्राध्यापक), डॉ. पायल लिल्हारे (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस), श्री प्रदीप अवस्थी (क्रीड़ा अधिकारी) एवं डॉ. दीप्ती त्रिपाठी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र कटियार ने कहा कि “युवा देश की प्रगति के वाहक हैं। यदि उन्हें सरकारी योजनाओं की सही और पूर्ण जानकारी होगी, तो वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
कार्यशाला के अंत में संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्रता और आवेदन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।
युवाओं की भूमिका

मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक अभिषेक लिटोरिया ने बताया कि इस कार्यशाला में प्रशिक्षित युवा अब अपने-अपने क्षेत्रों में ‘योजना दूत’ के रूप में कार्य करेंगे, ताकि निवाड़ी जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
![]()
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए युवा स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




