मुख्यमंत्री के ‘अभद्र’ बोल के खिलाफ गांधी चबूतरे पर कांग्रेस का हल्लाबोल, रघुपति राघव राजा राम की धुन पर दिया सांकेतिक धरना
निवाड़ी जिला कांग्रेस का आक्रोश: जिला अध्यक्ष राजेश यादव और उपाध्यक्ष अनूप बड़ोनिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जताया कड़ा विरोध, दी आंदोलन की चेतावनी

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए अभद्र शब्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी में भारी आक्रोश है। इस बयान के विरोध में निवाड़ी जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में स्थानीय गांधी चबूतरे पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम” की धुन बजाकर मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की और अपना विरोध दर्ज कराया।
संवैधानिक पद की गरिमा का हुआ हनन: अनूप बड़ोनिया
धरने को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष अनूप बड़ोनिया ने कहा कि मध्य प्रदेश हमेशा से एक शांतप्रिय और राजनीतिक शिष्टाचार वाला प्रदेश रहा है। लेकिन एक संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री द्वारा प्रमुख विपक्षी दल के प्रदेश अध्यक्ष के लिए ऐसी अमर्यादित भाषा का उपयोग करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा:
”मुख्यमंत्री जी की यह भाषा शैली उनकी घबराहट को दर्शाती है। हमारे नेता जीतू पटवारी जब किसानों की खाद-बीज की समस्या उठाते हैं, इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों पर जनता की आवाज बनते हैं, तो सरकार बौखला जाती है। इस प्रकार के शब्दों से पूरे प्रदेश की जनता खुद को शर्मसार महसूस कर रही है।”
सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन की चेतावनी
जिला अध्यक्ष राजेश यादव और उपाध्यक्ष अनूप बड़ोनिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अपने प्रदेश अध्यक्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। मुख्यमंत्री के इस रवैए को जनता के बीच ले जाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की अमर्यादित बयानबाजी पर रोक नहीं लगी, तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हर गली और सड़क पर अहिंसात्मक और गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस सांकेतिक धरने में जिला कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक सुर में मुख्यमंत्री के बयान की घोर भर्त्सना की।
रिपोर्ट: टुडे इंडिया न्यूज, एमपी।




