केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किया निवाड़ी के नए केंद्रीय विद्यालय भवन का निरीक्षण; अधिकारियों को समय सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट पर कल टुडे इंडिया न्यूज एमपी के प्रधान संपादक द्वारा निवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय शुभारंभ के लिए विचार करने को लिखा जिसका हुआ बड़ा असर और आज मंत्री जी ने स्वयं लिया संज्ञान

निवाड़ी (टुडे इंडिया न्यूज एमपी ब्यूरो)।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा निवाड़ी जिला मुख्यालय पर स्वीकृत किए गए नए केंद्रीय विद्यालय को इसी सत्र से शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में आज केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री तथा टीकमगढ़-निवाड़ी संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार ने निवाड़ी नगर का दौरा किया। उन्होंने नगर परिषद के पास स्थित उस भवन का बारीकी से अवलोकन किया, जिसे केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए चिन्हित किया गया है।
टुडे इंडिया न्यूज एमपी की मुहिम लाई रंग
गौरतलब है कि बीते कल ही ‘टुडे इंडिया न्यूज एमपी’ के प्रधान संपादक अजय गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार से निवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के जल्द शुभारंभ को लेकर विचार करने का आग्रह किया था। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए माननीय मंत्री जी आज खुद निवाड़ी पहुंचे। सजग पत्रकारिता और जनहित के मुद्दे पर इतनी जल्दी हुए असर को लेकर क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों व टुडे इंडिया न्यूज एमपी द्वारा केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया है।
बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दी डेडलाइन
भवन के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने इस भवन में बिजली, पानी की निर्बाध आपूर्ति और आवश्यक संरचनागत निर्माण कार्यों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे। आज उन्होंने एक बार फिर निर्माण कार्यों की समीक्षा की और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि नए सत्र में कक्षाओं के शुभारंभ से पहले सभी समुचित व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं।
इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं, बच्चों को मिलेगा लाभ
निरीक्षण के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि निवाड़ी के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और केंद्रीय स्तर की शिक्षा का लाभ इसी सत्र से मिलने लगे, इसमें किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत को लेकर निवाड़ी जिले के अभिभावकों और बच्चों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को पूरी उम्मीद है कि अब निवाड़ी के बच्चों को बेहतरीन केंद्रीय शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।




