निवाड़ी में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ
10 से 24 फरवरी 2026 तक चलेगा सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान

निवाड़ी।
हाथीपांव (फाइलेरिया) जैसी गंभीर एवं असाध्य बीमारी से जिले को पूर्णतः मुक्त करने के उद्देश्य से आज राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (Mass Drug Administration – MDA) अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 10 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक संचालित होगा।

शासकीय अमरशहीद चंद्रशेखर आज़ाद पी.जी. कॉलेज, निवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन एवं कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों के साथ स्वयं दवा का सेवन किया
जनमानस में विश्वास जागृत करने एवं भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पत्रकार प्रतिनिधियों के साथ फाइलेरिया रोधी दवा का स्वयं सेवन किया

इस अवसर पर सभी ने निवाड़ी को ‘फाइलेरिया मुक्त जिला’ बनाने की शपथ ली।
कलेक्टर ने कहा कि फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बीमारी से बचाव का यही एकमात्र प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया के लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं, इसलिए रोकथाम ही सर्वोत्तम उपचार है। उन्होंने आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर दवा का सेवन कराएं।
अफवाहों से दूर रहें, स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें : विधायक। विधायक श्री अनिल जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और स्वयं दवा का सेवन कर दूसरों को भी प्रेरित करें।

अभियान की रूपरेखा
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन सामूहिक दवा सेवन अभियान तीन चरणों में संपन्न होगा—
प्रथम चरण (03 दिवस): बूथ स्तर पर दवा सेवन
द्वितीय चरण (06 दिवस): स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दवा सेवन
तृतीय चरण (03 दिवस): छूटे हुए व्यक्तियों के लिए मॉप-अप राउंड

अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उम्र के अनुसार DEC एवं एल्बेंडाजोल दवा की एक खुराक दी जाएगी। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है तथा स्वास्थ्य कर्मी की उपस्थिति में ही करना अनिवार्य होगा।

उपस्थित प्रमुख अधिकारी
इस अवसर पर सीएमएचओ अनिल झमनानी,
राज्य समन्वयक WHO डॉ. देवेन्द्र सिंह तोमर,
बीएमओ डॉ. आर.सी. मलेरिया,
जिला मलेरिया अधिकारी हरिमोहन रावत,
जिला समन्वयक जन अभियान परिषद डॉ. सुनील कटियार,
चिकित्सकगण, पत्रकारगण, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




