सागर संभाग में आज से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 14+ किशोरियों को मिलेगा निःशुल्क सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे शुभारंभ; 6 जिलों में निर्धारित केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण।

सागर, निवाड़ी मध्य प्रदेश। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए सागर संभाग के सभी जिलों में आज 28 फरवरी 2026 से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव प्रदान करना है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भारत में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है और इसके लगभग 99 प्रतिशत मामले एचपीवी संक्रमण से जुड़े होते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की क्षेत्रीय संचालक डॉ. नीना गिडियन ने बताया कि टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष 3 माह तक की आयु वाली किशोरियों को लगाया जाएगा। यह सिंगल डोज वैक्सीन प्रभावी मानी जाती है और पात्र लाभार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी, जबकि बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 4000 से 5000 रुपये तक है।
टीकाकरण के लिए पंजीकरण यू-वीन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। लाभार्थी स्वयं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या टीकाकरण केंद्र पर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रमाण पत्र भी पोर्टल के माध्यम से जारी होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, छात्र पहचान पत्र, पासपोर्ट, एमसीपी कार्ड, टीसी, पैन कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य मान्य दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत संभाग के सभी जिलों—छतरपुर, दमोह, निवाड़ी, पन्ना, सागर तथा टीकमगढ़—में जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण होगा। केंद्रों की संख्या क्रमशः छतरपुर में 11, दमोह में 8, निवाड़ी में 3, पन्ना में 6, सागर में 16 तथा टीकमगढ़ में 6 निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन किशोरियों को पूर्व में एचपीवी टीका लगाया जा चुका है, उन्हें दोबारा टीका नहीं दिया जाएगा। उनका रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका सुरक्षित है और विश्व के 148 से अधिक देशों में उपयोग किया जा रहा है।
अभियान का शुभारंभ दोपहर 12 बजे से होगा, जबकि नियमित टीकाकरण कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने पात्र किशोरियों और अभिभावकों से समय पर पंजीकरण कर टीकाकरण का लाभ लेने की अपील की है।




