IMF से पाकिस्तान को बड़ा झटका, 7 अरब डॉलर के लोन कार्यक्रम का तीसरा रिव्यू फेल
स्टाफ-लेवल एग्रीमेंट नहीं बनने से 1 अरब डॉलर की अगली किश्त अटकी, IMF ने पाकिस्तान के बढ़ते राजकोषीय घाटे पर जताई चिंता

अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष, पाकिस्तान।
International Monetary Fund (IMF) से आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए बैठे Pakistan को बड़ा झटका लगा है। लंबी बातचीत के बावजूद पाकिस्तान और IMF के बीच स्टाफ-लेवल एग्रीमेंट नहीं हो पाया, जिसके कारण 7 अरब डॉलर के लोन कार्यक्रम का तीसरा रिव्यू असफल हो गया है।
इस रिव्यू के सफल होने पर पाकिस्तान को करीब 1 अरब डॉलर की अगली किश्त मिलने वाली थी, लेकिन समझौता न होने के कारण यह राशि फिलहाल जारी नहीं की जाएगी। आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए यह फैसला बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
IMF ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान के साथ आर्थिक नीतियों पर बातचीत आगे भी जारी रहेगी, ताकि आने वाले समय में स्टाफ-लेवल समझौते पर सहमति बन सके।
IMF मिशन प्रमुख Eva Petrová ने कहा कि बातचीत के दौरान कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई है, लेकिन अभी कई महत्वपूर्ण मामलों पर सहमति बनना बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के वैश्विक घटनाक्रमों का पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (EFF) कार्यक्रम पर क्या असर पड़ेगा, इसका IMF पूरी तरह आकलन करेगा।
IMF ने पाकिस्तान के बढ़ते राजकोषीय घाटे को लेकर भी चिंता जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द समझौता नहीं हुआ, तो पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति और ज्यादा दबाव में आ सकती है।




