मुलायम सिंह के छोटे बेटे प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन: ससुर अरविंद बिष्ट ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार; ससुर द्वारा मुखाग्नि देने के फैसले ने सबको चौंकाया, भावुक कर देने वाला रहा नजारा

लखनऊ/मध्य प्रदेश (डेस्क): समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को दुखद निधन हो गया। लखनऊ के बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान सबसे अधिक चर्चा का विषय प्रतीक यादव के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट रहे, जिन्होंने अपने दामाद की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
ससुर अरविंद बिष्ट ने क्यों दी मुखाग्नि?
हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, आमतौर पर पुत्र या परिवार का कोई पुरुष सदस्य ही मुखाग्नि देता है। हालांकि, प्रतीक यादव की दो छोटी बेटियाँ हैं और उनके कोई पुत्र नहीं है। इस भावुक घड़ी में प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट (अपर्णा यादव के पिता) आगे आए और उन्होंने पिता का कर्तव्य निभाते हुए अपने दामाद को मुखाग्नि दी। मुखाग्नि देते समय अरविंद बिष्ट और उनकी बेटी अपर्णा यादव अत्यंत भावुक नजर आए।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा में उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों के दिग्गज शामिल हुए। भाई अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव और परिवार के अन्य सदस्य पूरे समय मौजूद रहे। प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव का रो-रोकर बुरा हाल था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौत का कारण: गंभीर स्वास्थ्य समस्या
38 वर्षीय प्रतीक यादव को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद लखनऊ के अस्पताल ले जाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मृत्यु का मुख्य कारण मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोम्बोलिज्म (Massive Pulmonary Thromboembolism) बताया जा रहा है, जिससे कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेलियर हुआ।
राजनीति से दूर, फिटनेस और समाजसेवा में थे सक्रिय
अखिलेश यादव के सौतेले भाई होने के बावजूद प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और लखनऊ में एक बड़ा फिटनेस जिम और रियल एस्टेट का व्यवसाय संचालित करते थे। इसके साथ ही वे पशु कल्याण के लिए “जीव आश्रय” नामक संस्था भी चलाते थे।
टुडे इंडिया न्यूज एमपी – निष्पक्ष खबर, सीधी नजर।




