निवाड़ी में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित होगा
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े फहराएंगी राष्ट्रीय ध्वज, फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सम्पन्न

निवाड़ी।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 निवाड़ी के सामने स्थित ग्राउंड में गरिमा, उत्साह और परंपरागत अंदाज़ में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगी।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह से पूर्व आज आयोजन स्थल पर फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल (अंतिम पूर्वाभ्यास) सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। रिहर्सल में समारोह की सभी तैयारियों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
सीईओ व एसपी ने ली परेड की सलामी, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने समारोह स्थल पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीईओ श्री सक्सेना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सीईओ जिला पंचायत एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली तथा परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। अंतिम पूर्वाभ्यास में पुलिस बल, होमगार्ड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट परेड प्रस्तुत की।

पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
रिहर्सल के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी प्रदर्शन किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने समारोह की भव्यता को और बढ़ाया। अधिकारियों ने कार्यक्रमों की क्रमबद्धता, समय-सारिणी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।




