शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन कराना सुनिश्चित करें : कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 7 फरवरी से शुरू होगा किसान पंजीयन, जिले में 22 पंजीयन केंद्र स्थापित

निवाड़ी।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में गेहूं उपार्जन व्यवस्था एवं किसान पंजीयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया
7 फरवरी से पूर्व जिले के सभी किसानों तक पंजीयन की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि शासन की समर्थन मूल्य योजना का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए, जिससे सभी किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ प्राप्त हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल के आदेशानुसार रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान पंजीयन कार्य 7 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा।

गेहूं उपार्जन, उपार्जन केंद्रों के निर्धारण एवं संपूर्ण प्रक्रिया की मॉनिटरिंग के लिए जिला उपार्जन समिति का गठन किया गया है।
प्रशासन द्वारा जिले में कुल 22 किसान पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसान सरलता से अपना पंजीयन करा सकेंगे।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सरिता अग्रवाल, कृषि अधिकारी भरत राजवंशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




