निवाड़ी: वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सरस्वती शिशु मंदिर में गूंजा सामूहिक राष्ट्रगीत, 250 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
विद्या भारती के आह्वान पर आयोजित हुआ भव्य ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम एशिया बुक और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के लिए ऑनलाइन दर्ज किए गए दस्तावेज

टुडे इंडिया न्यूज एमपी
निवाड़ी:
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के रचनाकाल के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के आह्वान पर 25 सितंबर 2026 को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकंडरी स्कूल, निवाड़ी में एक भव्य सामूहिक राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सहभागिता की। सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा और समर्पण का भाव व्यक्त किया।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के आचार्य देवेन्द्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक, राष्ट्रीय और सांस्कृतिक महत्व से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह गीत केवल एक रचना नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह महामंत्र था जिसने देशवासियों में प्राण फूंके थे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी और बच्चों के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा देश की गौरवशाली परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।
गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई:
- मुख्य अतिथि एवं पर्यवेक्षक: अंजनी कुमार चतुर्वेदी (प्राचार्य, शासकीय हाई स्कूल)
- साक्षी (गवाह): आर.डी. वर्मा (प्राचार्य, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 1, निवाड़ी)
- सत्यापनकर्ता: डॉ. आर.सी. मलारया (विकासखंड चिकित्सा अधिकारी)
- अध्यक्षता: आर.पी. तिवारी (माननीय सचिव, सरस्वती शिक्षा परिषद जिला निवाड़ी)
- विशेष अतिथि: रामसहाय यादव (अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति), हरी रमपुरिया बाइकमैकेनिक (सदस्य) एवं डॉ. मैथिलीशरण गुप्ता (सदस्य)
- कार्यक्रम संयोजक: देवेश नायक (विद्यालय प्राचार्य एवं जिला संयोजक, नमामि भारतम् वंदे मातरम गायन कार्यक्रम)
रिकॉर्ड बुक के लिए ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापित
विद्या भारती द्वारा आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश भर के सरस्वती शिशु मंदिरों में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में नमामि भारतम् कार्यक्रम के संयोजक राकेश गुप्ता (आचार्य) द्वारा समस्त दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन कराया गया और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा भारत बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के लिए ऑनलाइन प्रविष्टियां दर्ज की गईं।




