निवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 लाख से अधिक कीमत के 36 चोरी किए गए मोबाइलों के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार
दुकान की दीवार तोड़कर की गई थी लाखों की चोरी, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुआ सनसनीखेज खुलासा। आरोपियों के पास से 33 नए और 3 पुराने मोबाइल तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त।

निवाड़ी: टुडे इंडिया न्यूज एमपी
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए लाखों रुपए मूल्य के मोबाइलों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया था।
दीवार तोड़कर दिया था घटना को अंजाम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चोरों ने एक मोबाइल दुकान को अपना निशाना बनाया था। शातिर चोरों ने सब्बल की मदद से दुकान की पिछली दीवार तोड़ी और अंदर घुसकर दर्जनों महंगे मोबाइल चुरा लिए। घटना के दौरान एक आरोपी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरे ने अंदर घुसकर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने पहले ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की सुरागकशी की। पुलिस ने आरोपियों की सूचना देने वाले के लिए इनाम भी घोषित किया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, कुल 10 लाख से अधिक का मशरूका बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी देवदास कुशवाहा (निवासी बंगरा, झांसी, उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र कुशवाहा (निवासी टौंला) को भी धर दबोचा गया।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस नेः
- 33 नए एंड्रॉइड मोबाइल (कीमत करीब 9 लाख 29 हजार 471 रुपये)
- 3 पुराने मोबाइल (कीमत करीब 30 हजार रुपया)
- घटना में प्रयुक्त अपाचे स्कूटी
- कुल 10 लाख 9 हजार 471 रुपए का मशरूका बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।




