श्रीनगर के लाल चौक पर गूंजा ‘हैप्पी बर्थडे पीएम मोदी’: घंटाघर पर जलाए गए दीये, कश्मीरी अवाम में दिखा भारी उत्साह
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर देश-विदेश में जश्न का माहौल रहा। इसी कड़ी में आतंकवाद और अलगाववाद के साए से बाहर निकल चुके कश्मीर के ऐतिहासिक लाल चौक पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने जमकर जश्न मनाया।

टुडे इंडिया न्यूज एमपी श्रीनगर :-
17 सितंबर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक स्थित घंटाघर (Ghanta Ghar) पर एक अनूठा और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। यहां स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर पीएम मोदी का जन्मदिन बेहद धूमधाम से मनाया।
घंटाघर पर जगमगाए दीये और कटा केक
कभी कड़े सुरक्षा पहरे, हड़तालों और आतंकवाद की धमकियों के लिए पहचाने जाने वाले लाल चौक के घंटाघर पर इस बार खुशियों की रोशनी बिखरी। ‘आशीर्वाद एक दीया’ कार्यक्रम के तहत लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और जमकर जश्न मनाया। कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं और सैलानियों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
बदलते कश्मीर की बानगी
राजनीतिक विश्लेषकों और स्थानीय नेताओं का मानना है कि लाल चौक पर इस तरह का खुला जश्न इस बात का प्रमाण है कि घाटी के हालात तेजी से बदल रहे हैं। एक समय था जब इस क्षेत्र में तिरंगा फहराना या इस तरह के सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करना किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों और सुरक्षा के बेहतर माहौल के चलते अब घाटी के लोग खुलकर राष्ट्रीय पर्वों और उत्सवों में शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन ने साबित कर दिया कि आज का कश्मीर डर के साये से बाहर निकलकर विकास, शांति और मुख्यधारा की पटरी पर पूरी तरह दौड़ रहा है




