मतदान से ही मजबूत होता है लोकतंत्र : कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े
राष्ट्र सेवा का पहला कदम मतदान — एसपी डॉ. नरवरिया | राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बीएलओ व कर्मचारियों का सम्मान, नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड

निवाड़ी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े तथा मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग का प्रेरणादायी संदेश उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सुना गया।

डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री विनीता जैन ने कलेक्टर श्रीमती भिड़े को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को ईपिक (मतदाता पहचान) कार्ड वितरित किए गए।

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को मतदान के महत्व को समझते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से मतदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. नरवरिया ने कहा कि राष्ट्र सेवा का पहला कदम मतदान है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी भेदभाव, द्वेष, भय, जाति, धर्म अथवा दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष मतदान में भाग लें और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं मतदाताओं ने लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा मतदान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ ली।

इस अवसर पर एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री स्वाति सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




