निवाड़ी में रेलवे स्टेशन से बायपास तिराहे तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के चलते निजी मकानों और स्कूल बाउंड्री पर निशान लगाए जाने से क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है।
निवाड़ी में सड़क चौड़ीकरण की योजना से लोगों में चिंता, कई भवनों के हिस्से हटने की संभावना

निवाड़ी। निवाड़ी शहर के रेलवे स्टेशन से बायपास तिराहे तक तथा तिराहे से तिगेला स्थित बायपास से निवाड़ी तक डिवाइडर के साथ सड़क मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा तिराहे को सुव्यवस्थित चौराहे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
इसी के तहत हाल ही में बायपास मार्ग पर कई निजी मकानों की नाप-जोख कर चौड़ीकरण के लिए निशान लगाए गए हैं। इनमें हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1 की बाउंड्री के साथ आसपास के कई निजी भवन भी शामिल हैं। निशान लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है और लोग अपने मकानों पर संभावित कार्रवाई को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
5 से 10 फीट तक हट सकता है निर्माण
बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई मकानों के हिस्से हटाए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार कुछ निजी भवनों पर मुख्य सड़क से करीब 5 से 10 फीट तक निशान लगाए गए हैं, जिससे अतिक्रमण हटाने या निर्माण तोड़ने की कार्रवाई संभव मानी जा रही है।
पहले भी हो चुका है चौड़ीकरण
उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व भी बायपास मार्ग का चौड़ीकरण किया गया था, जिसमें कई निजी भवनों के हिस्से हटाए गए थे। अब एक बार फिर तिराहे को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से सड़क विस्तार की योजना तैयार की जा रही है।
अचानक बदली रूपरेखा
सूत्रों के अनुसार सड़क सुरक्षा बैठक में प्रारंभिक योजना के तहत हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1 की बाउंड्री हटाकर सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में रूपरेखा में बदलाव करते हुए आसपास के निजी भवनों को भी इसमें शामिल कर लिया गया है।
तिराहे के सौंदर्यीकरण की तैयारी
अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग सविंद्र चौतरिया के अनुसार केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार द्वारा तिराहे को सुव्यवस्थित करने के लिए विभागीय मंत्री को पत्र लिखा गया है। इसी के तहत आवश्यक नाप-जोख कर सड़क चौड़ीकरण और तिराहे के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।




