कर्नाटक में दो-दो स्टीयरिंग, लेकिन इंजन गायब” — शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री बोले: सत्ता की खींचतान में राज्य की जनता पिस रही, विकास कार्य ठप

नईदिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की सरकार में “दो-दो स्टीयरिंग हैं, लेकिन इंजन गायब है”।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच सत्ता की रस्साकशी ने सरकार को दिशाहीन बना दिया है, जिसका सीधा खामियाजा कर्नाटक की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान के कारण प्रशासनिक निर्णय प्रभावित हो रहे हैं, विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं और अधिकारी असमंजस की स्थिति में काम कर रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार का ड्राइवर ही तय नहीं है, तो गाड़ी आगे कैसे बढ़ेगी।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के समय जो वादे किए थे, वे आज कागज़ों तक सीमित रह गए हैं। महंगाई, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आंतरिक कलह में उलझी है और जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।

श्री चौहान ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनहित और विकास के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और कर्नाटक की जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस से आह्वान किया कि वह सत्ता संघर्ष छोड़कर राज्य के विकास पर ध्यान दे।




