निवाड़ी: सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त, मुख्य मार्गों से हटेंगे हाट बाजार और अतिक्रमण
कलेक्टर जमुना भिड़े ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए कड़े निर्देश; हेलमेट की अनिवार्यता और जागरूकता अभियानों पर रहेगा जोर

निवाड़ी, टुडे इंडिया न्यूज़ एमपी:
निवाड़ी जिले में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है। विशेष रूप से हेलमेट की उपयोगिता को लेकर सख्ती बरती जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के प्रमुख निर्णय और निर्देश:
- हाट बाजारों का स्थान परिवर्तन: निवाड़ी जिले के मुख्य मार्गों पर लगने वाले हाट बाजारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा ताकि आवागमन में बाधा न आए।
- अतिक्रमण पर प्रहार: निवाड़ी तिगेला पर स्थित अस्थाई बस स्टैंड से ठेले और गुमटियां तत्काल हटाए जाएंगे। बसों का ठहराव केवल निर्धारित स्थाई बस स्टैंड पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- सुरक्षा के लिए फेन्सिंग और गेट: निवाड़ी तिगेला ब्रिज से मुडारा ब्रिज तक सर्विस रोड और हाईवे के बीच अवैध रास्तों को बंद कर लोहे की मजबूत जाली (फेन्सिंग) लगाई जाएगी। वहीं, ओरछा कंट्रोल रूम के सामने अस्थाई बैरियर की जगह स्थाई स्लाइडर गेट का निर्माण होगा।
- प्रकाश और साइन बोर्ड: निवाड़ी बायपास पर बड़े तालाब के निकट स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम साइन बोर्ड और ब्लिंकर्स लगाए जाएंगे। ओरछा तिगेला और नाराई नाका पर ‘रोंग साइड’ चेतावनी बोर्ड स्थापित होंगे।
- बुनियादी ढांचे का विकास: बबेड़ी पुलिया पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए समानांतर एक नई पुलिया के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।
- योजनाओं का प्रचार: सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए सरकार द्वारा संचालित ‘पीएम राहत योजना’ और ‘राहवीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यातायात निरीक्षक नीरज शर्मा ने सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न बिंदुओं और गत बैठक के पालन प्रतिवेदन की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम अशोक कुमार सेन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




